ग्वालियर:शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव एवं ब्लॉक अध्यक्ष संदीप यादव के नेतृत्व में कांग्रेस ने आज थाठीपुर सब्जी मंडी पर बेलगाम महंगाई, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल एवं रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ठेले पर दो पहिया वाहन रखकर, ढोल-मंजीरे बजाकर और भजन-कीर्तन करते हुए नारों की तख्तियां लेकर सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की आवाज बुलंद की।
लोगों को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि गलत आर्थिक नीतियों ने देश और प्रदेश की जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। आज गरीब, मजदूर, किसान, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यापारी सभी महंगाई की मार से परेशान हैं। रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, दालें, आटा, चावल, दूध, सब्जियां, मसाले, बिजली बिल, स्कूल फीस और दवाइयों तक के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
गरीब आदमी का चूल्हा ठंडा पड़ रहा है, और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। भाजपा ने महंगाई कम करने का वादा करके सत्ता हासिल की थी, वही सरकार आज महंगाई बढ़ाने का सबसे बड़ा कारण बन गई है। जनता की जेब खाली हो रही है। आम जनता रोज-रोज बढ़ती महंगाई से त्रस्त होकर अपने परिवार का पालन-पोषण करने के लिए संघर्ष कर रही है। सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है, इसलिए कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर आम आदमी की लड़ाई लड़ रही है। जब तक महंगाई से राहत नहीं मिलेगी, कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
आंदोलन में विधायक डॉ. सतीश सिंह सिकरवार, संजय सिंह राठोर, प्रेम सिंह यादव, चतुर्भुज धनोलिया, सुधीर मंडेलिया, अवधेश कौरव, देवेन्द्र चौहान, वीणा भारद्वाज, गायत्री मंडेलिया, संजना राजावत, सुनीता तौमर, प्रीती शर्मा, अर्चना चतुर्वेदी, बेताल सिंह, राजेश तौमर, भूपेन्द्र तौमर मिक्की, दिनेश चौरसिया, अनुप श्रीवास्तव, आदित्य सेंगर सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल थे।
