हुमा कुरैशी ने खुलासा किया कि करियर के शुरुआती दौर में उन्हें बॉडी शेमिंग और लुक्स को लेकर कई निगेटिव कमेंट्स का सामना करना पड़ा। हुमा कुरैशी ने खुद पर दोबारा विश्वास करना सीखा।
एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने हाल ही में अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए बॉडी शेमिंग और ट्रोलिंग को लेकर खुलकर बात की। हुमा ने बताया कि फिल्मों में आने के बाद उन्हें अपने लुक्स, शरीर और रूप-रंग को लेकर कई तरह की निगेटिव टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। इन कमेंट्स का असर उनके आत्मविश्वास पर भी पड़ा और एक समय ऐसा आया जब उन्होंने खुद को पूरी तरह निराश महसूस किया।
हुमा कुरैशी हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में अपने भाई और एक्टर साकिब सलीम के साथ पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने अपने संघर्षों और इंडस्ट्री में मिले अनुभवों के बारे में खुलकर बात की। हुमा ने बताया कि उनकी दूसरी फिल्म के बाद उन्हें सोशल मीडिया और इंडस्ट्री में अपने लुक्स को लेकर कई तरह की आलोचनाएं सुननी पड़ीं।
बॉडी शेमिंग ने तोड़ा था आत्मविश्वास
हुमा ने बताया कहा कि जब आपको लगातार जज किया जाता है, तो वह आपके आत्मविश्वास को प्रभावित करने लगता है। एक समय ऐसा भी था जब मैं काफी निराश हो गई थी और मुझे लगा था कि शायद मैं यह सब नहीं कर पाऊंगी। एक्ट्रेस ने कहा कि उस दौर में वह खुद को लेकर काफी असहज महसूस करने लगी थीं। हालांकि समय के साथ उन्होंने यह समझा कि दूसरों की राय से ज्यादा जरूरी खुद पर विश्वास करना है।
ध्यान, डायरी और थेरेपी से मिली ताकत
हुमा ने बताया कि उन्होंने धीरे-धीरे अपनी मानसिक स्थिति को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए। उन्होंने मेडिटेशन करना शुरू किया, अपनी भावनाओं को लिखना शुरू किया और थेरेपी की मदद भी ली। हुमा के मुताबिक, इन चीजों ने उन्हें खुद को समझने और स्वीकार करने में मदद की। समय के साथ मैंने खुद पर ध्यान देना शुरू किया। अब मैं अपने बारे में किए गए जोक्स पर हंस सकती हूं और चीजों को ज्यादा पॉजिटिव तरीके से लेती हूं।
टॉक्सिक में नजर आएंगी हुमा
वर्कफ्रंट की बात करें तो हुमा कुरैशी आखिरी बार फिल्म ‘सिंगल सलमा’ में दिखाई दी थीं। अब वह एक्टर यश की आगामी फिल्म ‘टॉक्सिक’ में नजर आएंगी। फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। हालांकि फिल्म की नई रिलीज डेट का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
