रीवा: यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) रीवा द्वारा विभिन्न अंतर्राज्यीय स्लीपर बसों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई है। वाराणसी–नागपुर, प्रयागराज–इंदौर तथा प्रयागराज–रायपुर जैसे प्रमुख मार्गों पर संचालित होकर रीवा से गुजरने वाली स्लीपर बसों की विशेष जांच के दौरान गंभीर सुरक्षा खामियां पाई गईं।परिवहन आयुक्त, मध्यप्रदेश, ग्वालियर के निर्देशानुसार की गई इस जांच में पाया गया कि कई बसों में केंद्रीय मोटरयान नियम 1989 एवं मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत अनिवार्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं थे।
बसों में फायर सेफ्टी उपकरण, Fire Alarm Detection System (FADS) तथा Fire Detection and Suppression System (FDSS) नहीं लगे पाए गए। इसके अतिरिक्त कई बसों में चालक सीट के पीछे अवैध पार्टिशन डोर लगाया गया था, जो आपातकालीन स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा माना गया।जांच के दौरान कुल 9 स्लीपर बसों पर कार्रवाई की गई।
इनमें से चार बसें महाराष्ट्र, एक तेलंगाना, एक अरुणाचल प्रदेश, एक उज्जैन, एक आगर मालवा तथा एक देवास में पंजीकृत थीं। सभी संबंधित वाहनों के विरुद्ध पंजीयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए उनके पंजीयन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।आरटीओ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। यह कार्रवाई आम नागरिकों की सुरक्षित एवं भरोसेमंद यात्रा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है
