जबलपुर: गर्मियों के मौसम में आम जनता को पेयजल की समस्या न हो और सभी को शुद्ध व गुणवत्तापूर्ण पानी मिले, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। यह बातें कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारू पेयजल व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिये हैं। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पानी से जुड़ी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाना सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने कहा कि चाहे नगरीय क्षेत्र हो या ग्रामीण, पेयजल से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए नागरिक सीएम हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों को उच्च प्राथमिकता पर रखा जाएगा। हमारा प्रयास यह है कि शिकायत दर्ज होने के अगले ही दिन प्रशासन का जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर पहुंचे और समस्या का समाधान करें। हर हाल में तीन दिन के भीतर शिकायत का पूरी तरह निपटारा अत्यंत आवश्यक है।
