
नामली। कलेक्टर को लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रविवार को नामली क्षेत्र में अवैध आरा मशीनों और अवैध काष्ठ भंडारण के खिलाफ वन एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अतिरिक्त काष्ठ मिलने पर वन विभाग ने जब्ती की कार्रवाई कर वन अपराध प्रकरण दर्ज किए।
संयुक्त दल ने सबसे पहले मोहनलाल पिता रतनलाल पांचाल की आरा मशीन पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान यहां 309 नग ल_े और करीब 125 क्विंटल जलाऊ काष्ठ रिकॉर्ड से अधिक पाया गया। साथ ही काष्ठ लेखा संधारण भी अपूर्ण मिला। इस पर वन विभाग ने काष्ठ जब्त कर वन अपराध प्रकरण कायम किया।
इसके बाद कानजी भाई पिता प्रेमजी पटेल संचालित लक्ष्मी शॉ मिल की जांच की गई। यहां भी काष्ठ लेखा संधारण में अनियमितता पाए जाने पर वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। श्री विश्वकर्मा मिल संचालक पंकज शर्मा के यहां भी जांच की गई। टीम ने सभी दस्तावेज और काष्ठ लेखा चेंक किए। इसी दौरान राजस्व विभाग ने खेड़ापति हनुमान मंदिर के पास अवैध रूप से रखे गए काष्ठ के मामले में सुरेश नामक व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण बनाया। यह पूरी कार्रवाई रतलाम आईएफएस एवं डीएफओ डॉ. अनुभा त्रिवेदी के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त दल में एस. देवड़ा, तहसीलदार आशीष उपाध्याय, टीकम सिंह पटवारी सहित वन एवं राजस्व विभाग का अमला मौजूद रहा।
