पनीर खाने के बाद परिवार बीमार, फूड पॉइजनिंग का आरोप

शिवपुरी: शहर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। महल रोड स्थित एक बड़े सुपर मार्केट से खरीदा गया पनीर एक परिवार के लिए मुसीबत बन गया। पुरानी शिवपुरी निवासी एक परिवार ने आरोप लगाया है कि खराब पनीर खाने के बाद परिवार के तीन सदस्य फूड पॉइजनिंग का शिकार हो गए। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद सभी को अस्पताल ले जाना पड़ा।घटना के बाद पीड़ित परिवार पनीर का पैकेट और बची हुई सब्जी लेकर कलेक्टर कार्यालय, खाद्य विभाग और कोतवाली पहुंचा, जहां उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।

पुरानी शिवपुरी निवासी आशिफ खान ने बताया कि उन्होंने महल रोड स्थित सुपर मार्केट से पनीर का पैकेट खरीदा था। घर पर उसी पनीर की सब्जी बनाई गई। परिवार ने रात में खाना खाया, लेकिन कुछ ही देर बाद उनकी और दोनों बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी।आशिफ खान के मुताबिक पनीर की सब्जी खाने के बाद उन्हें और बच्चों को लगातार उल्टी-दस्त होने लगे। हालत बिगड़ने पर परिजनों में हड़कंप मच गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद तीनों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि पनीर पूरी तरह खराब और दूषित था, जिसकी वजह से यह स्थिति बनी। उनका कहना है कि यदि समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते तो हालत और गंभीर हो सकती थी। आशिफ खान पनीर का पैकेट और बची हुई सब्जी लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के पास पहुंचे। उन्होंने मांग की है कि खाद्य सामग्री के सैंपल की लेबोरेटरी जांच कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। परिवार का कहना है कि यदि जांच में पनीर खराब पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार के साथ ऐसी घटना न हो।

Next Post

बाइक भिड़ी, दो घायल

Tue May 26 , 2026
जबलपुर:सिहोरा थाना अंतर्गत पौड़ा के पास मेनरोड पर दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक सोमवार शाम लखन सिंह 25 वर्ष निवासी शिक्षक कॉलोनी विजयनगर ने रिपोर्ट कराई कि वह अपने साथी […]

You May Like