इंदौर:ट्रेन में छूटे लैपटॉप और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरे बैग को जीआरपी ने सुरक्षित बरामद कर उसके मालिक को सौंप दिया. बैग में करीब 50 हजार रुपए मूल्य का सामान था.जानकारी के अनुसार इंदौर-भोपाल एक्सप्रेस के कोच एस-1 में एक लावारिस लैपटॉप बैग होने की सूचना प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मिली. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सतर्कता के साथ बैग को सुरक्षित थाना जीआरपी लेकर आई.
थाने में बैग की जांच करने पर उसमें आसूस कंपनी का लैपटॉप, चार्जर, मार्कशीट सहित अन्य दस्तावेज रखे थे. जांच के दौरान बैग में मिले मोबाइल नंबर के आधार पर उसके मालिक से संपर्क किया. मालिक ने बताया कि वह यात्रा के दौरान जल्दबाजी में बैग ट्रेन में ही भूल गया था और फिलहाल इंदौर से बाहर था. सूचना मिलने पर वह इंदौर पहुंचा, जहां आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने उसे पूरा सामान सुपुर्द कर दिया.
