भोपाल। नगर निगम के सहायक आयुक्त सतीश मटसेनिया और नोडल अधिकारी राकेश शर्मा ने बैरसिया क्षेत्र का दौरा कर नागरिकों एवं व्यापारियों को कचरा पृथक्कीकरण और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था के प्रति जागरूक किया. अधिकारियों ने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग डस्टबिन में रखने तथा पृथक रूप से ही कचरा वाहनों को सौंपने की अपील की. व्यापारियों को विशेष तौर पर निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के बाहर ढक्कन वाले दो बड़े डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखें और कचरा सड़क पर न फैलने दें.
अधिकारियों ने होम कम्पोस्ट है आसान अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि गीले कचरे से खाद बनाने के लिए पहले चरण में 60 परिवारों को प्रशिक्षण दिया गया है. तीन चरणों में कुल 500 परिवारों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है. प्रशिक्षणार्थियों को समझाया गया कि घर पर कम्पोस्ट तैयार करना गीले कचरे के विकेंद्रीकृत निष्पादन की दिशा में प्रभावी पहल साबित होगा.
स्वच्छ शहर जोड़ी अभियान के तहत नगर निगम भोपाल ने बैरसिया नगर पालिका को सहयोग स्वरूप 4 डोर-टू-डोर कचरा वाहन, एक रोड स्वीपिंग मशीन, 4 रिक्शा, हैंडकार्ट, लिटरबिन और कम्पोस्ट यूनिट उपलब्ध कराई हैं, ताकि स्रोत स्तर पर ही कचरा पृथक्कीकरण सुनिश्चित किया जा सके.
