सतना: राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत गंगा दशहरा के पावन अवसर पर 25 मई 2026 को नगर पालिक निगम सतना द्वारा संतोषी माता तालाब परिसर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण, जल स्रोतों के संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री, नगरीय विकास एवं आवास विभाग श्रीमती प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 5:30 बजे से होगा। अभियान के अंतर्गत नदी एवं जलाशय परिक्रमा, साइकिल रैली, स्वच्छता एवं श्रमदान, वृक्षारोपण, जन-जागरूकता संगोष्ठी तथा जल संरक्षण संकल्प जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को जल की प्रत्येक बूंद के महत्व, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
निगमायुक्त ने की अपील
डॉ. शेर सिंह मीना, आयुक्त नगर पालिक निगम ने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग को जन-आंदोलन का स्वरूप देकर ही भविष्य की जल चुनौतियों का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि “हर बूंद अमूल्य है” की भावना को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को जल बचाने और जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
