कांग्रेस में पदों पर फैसला हाईकमान करेगा, मैं अपनी बुद्धि नहीं लगाता : भूपेश बघेल

रायपुर, ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के पद को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा है कि इन पदों पर नियुक्ति का निर्णय पार्टी हाईकमान का विषय है और वह इस मामले में अपनी राय नहीं देते।

रायपुर में आज आयोजित प्रेसवार्ता में बघेल ने कहा, “मैं इन सब मामलों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता।” उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पिछले साढ़े तीन वर्षों से संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में कार्य कर रही है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देने से भी बघेल ने इनकार किया। उन्होंने कहा कि वह श्री सिंहदेव के किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते। राजनीतिक हलकों में इसे कांग्रेस के भीतर जारी बयानबाजी से दूरी बनाए रखने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

प्रेसवार्ता के दौरान श्री बघेल ने केंद्र सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में “अघोषित आपातकाल” जैसे हालात निर्मित हो रहे हैं। उनका कहना था कि मीडिया पर दबाव बनाया जा रहा है, व्यापारिक जगत को डराकर चुप कराया जा रहा है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश आर्थिक आपातकाल की दिशा में बढ़ रहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन जी, को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा, “आज जेन जी का जमाना है। इस पीढ़ी में लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था है और यही पीढ़ी देश को नई दिशा दे सकती है।”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार युवाओं को संगठन से जुड़ने का आह्वान कर रहे हैं और आगामी संगठनात्मक चुनावों में 90 के दशक के बाद जन्मे युवाओं की भूमिका प्रमुख रूप से दिखाई देगी।

श्री बघेल ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों को घेरते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में संभावित बिजली संकट को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि प्रदेश में प्रतिदिन बिजली संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, जिसका सीधा असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि देश की परिस्थितियों को बदलने की सबसे बड़ी क्षमता युवाओं में है और उन्हें भरोसा है कि नई पीढ़ी लोकतंत्र को और मजबूत बनाएगी।

 

 

Next Post

भीषण गर्मी से सड़कों पर अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात

Mon May 25 , 2026
जबलपुर :संस्कारधानी सहित पूरे संभाग में इन दिनों भीषण गर्मी ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। मार्तंड की प्रचंडता के चलते सुबह 11 बजते ही लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। दोपहर में सड़कों में जहाँ अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल नजर आ रहा है […]

You May Like

मनोरंजन