
सीधी/मझौली। जिले की थाना मझौली पुलिस द्वारा अंधी हत्या के जघन्य प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने मझौली थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि बेटे ने 5 हजार रुपये की सुपारी देकर पिता की हत्या कराई थी।
पुलिस के अनुसार दिनांक 19 मई 2026 को फरियादी रघुवर अगरिया पिता रामावतार अगरिया उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम बरमानी थाना मझौली द्वारा सूचना दी गई कि उसके बड़े भाई राजभान अगरिया 16 मई 2026 की रात्रि से लापता हैं। तलाश के दौरान ग्राम करमाई पड़ोहर टोला के जंगल स्थित सूखे कुएं से दुर्गंध आने पर अंदर जला हुआ शव दिखाई दिया। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी मझौली पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे एवं वरिष्ठ अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी स्वयं घटनास्थल पहुंचे, मौके का निरीक्षण किया तथा मृतक के परिजनों से पूंछतांछ कर थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। थाना प्रभारी मझौली द्वारा एफएसएल, फिंगरप्रिंट एवं अन्य विशेषज्ञ टीमों को मौके पर बुलवाकर घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्रित कराए गए।
मौके पर कुएं के अंदर एक जला हुआ शव कंकाल अवस्था में मिला। शव के सिर पर कपड़ा बंधा हुआ था तथा शव को झाडिय़ों से छिपाने का प्रयास किया गया था। मृतक की पहचान राजभान अगरिया पिता रामावतार अगरिया उम्र 56 वर्ष निवासी ग्राम करमाई पड़ोहर टोला थाना मझौली जिला सीधी के रूप में हुई। शव परीक्षण रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट, फै्रक्चर एवं जलाने के साक्ष्य पाए गए, जिससे हत्या की पुष्टि हुई। थाना मझौली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस की विवेचना में हुआ सनसनीखेज खुलासा
पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, वैज्ञानिक जांच, घटनास्थल निरीक्षण एवं संदिग्धों से गहन पूंछताछ के दौरान हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतक का पुत्र कमलभान अगरिया अपने पिता के व्यवहार एवं आए दिन होने वाले विवादों से परेशान था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने परिचित रबी सिंह गोंड को अपने पिता की हत्या करने के लिए 5000 रूपये देने की बात कही। पूर्व नियोजित योजना के तहत 16 मई 2026 की रात्रि में आरोपियों ने मृतक को घर से बाहर बुलाकर डंडों एवं खूंटे से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर जंगल स्थित सूखे कुएं में फेंक दिया गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव में आग लगाकर झाडिय़ों से ढंक दिया गया। हत्या के बाद आरोपी कमलभान द्वारा आरोपियों को मोबाइल ट्रांजेक्शन के माध्यम से 5000 रुपये की राशि भी दी गई।
कार्रवाई इनकी रही सराहनीय भूमिका
प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी मझौली उनि विशाल शर्मा, उनि पीएल टांडिया, सउनि संतोष साकेत, प्रआर विजय, रामनरेश, शंकर, राजीव, अनूप, राजकुमार, नितेश, आरक्षक जितेन्द्र, आशुतोष, संजय, अक्षय, प्रभात, बृजकिशोर, राजकुमार, एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट टीम, सायबर सेल से कृष्ण मुरारी द्विवेदी एवं अन्य पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही। जिनके सतत प्रयासों एवं सूक्ष्म विवेचना के परिणामस्वरूप अंधी हत्या का सफल खुलासा संभव हो सका।
हत्या में शामिल 10 आरोपी हुए गिरफ्तार
मझौली पुलिस ने विवेचना में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रबी सिंह गोंड पिता स्व.लक्ष्मण सिंह गोंड उम्र 22 वर्ष निवासी करमाई टोला पड़ोहर, कमलभान अगरिया पिता स्व.राजभान अगरिया उम्र 23 वर्ष निवासी करमाई पड़ोहर टोला, राजगोपाल सिंह गोंड उर्फ दादू सिंह पिता शिवबालक सिंह उम्र 18 वर्ष 5 माह निवासी अतरैला, चंद्रबली सिंह उर्फ छोटू पिता रामप्रसाद सिंह गोंड उम्र 20 वर्ष निवासी पहोडर टोला करमाई, ज्ञानेन्द्र सिंह उर्फ राहुल सिंह पिता अर्जुन सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम छूही, नीरज सिंह उर्फ राहुल पिता रामबहोर सिंह उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम पिपराही, नीरज सिंह गोंड उर्फ किशन उर्फ रामजनम पिता शंकर सिंह गोंड उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम भूर्सीडोल हाल निवास ननिहाल, अजय प्रताप सिंह उर्फ रोतिल सिंह गोंड पिता रामलाल सिंह गोंड उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम करमाई पड़ोहर टोला, रिंकू उर्फ ललवा कोल पिता मनबहोर कोल उम्र 20 वर्ष निवासी करमाई पड़ोहर टोला, शनी सिंह उर्फ प्रकाश सिंह पिता स्व.लक्ष्मण सिंह गोंड उम्र 18 वर्ष निवासी करमाई टोला पड़ोहर थाना मझौली शामिल हैं।
इनका कहना है
जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। मझौली पुलिस ने अत्यंत गंभीर एवं अंधे हत्या प्रकरण का खुलासा कर उत्कृष्ट कार्य किया है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।संतोष कोरी, पुलिस अधीक्षक सीधी
