
सीधी। जिला अस्पताल सीधी से सोनोग्राफी मशीन सहित कई उपकरण चोरी होने पर सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने डॉ.देवेन्द्र सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ कार्यवाही और एफआईआर दर्ज करने कोतवाली को पत्र लिखा है। जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एवं सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ.एस.बी.खरे ने लिखित पत्र क्रमांक 1661, दिनांक 21 मई 2026 में कहा है कि जिला अस्पताल सीधी के सेवानिवृत्त शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.देवेन्द्र सिंह द्वारा आज दोपहर 2:30 बजे से 3 बजे के बीच बिना उनके अनुमति/सूचना के जिला अस्पताल सीधी के ओपीडी कक्ष क्रमांक 12 से सोनोग्राफी मशीन एवं अन्य उपकरण मशीन चोरी कर ले गये। यह उपकरण शासकीय अधिग्रहण में कई वर्षों से कक्ष क्रमांक 12 में संधारित थे। उक्त संबंध में डॉ.देवेन्द्र सिंह के कहने पर वार्ड ब्वाय महेश प्रसाद केवट द्वारा कक्ष क्रमांक 12 का ताला खोला गया एवं सोनोग्राफी एवं अन्य उपकरण ले जाने दिया गया। साथ ही उनके द्वारा सिविल सर्जन सूचना नहीं दी गई और सुरक्षा गार्ड रामसुजान मिश्रा के द्वारा रोका नहीं गया। ऐसे में डॉ.देवेन्द्र सिंह, वार्ड ब्वाय महेश प्रसाद केवट तथा सुरक्षा गार्ड रामसुजान मिश्रा के विरूद्ध विधि संगत एवं एफआईआर की कार्यवाई की जाय।
००००
जिला अस्पताल के सीसीटीवी में कैद हुई चोरी
जिला अस्पताल सीधी के सीसीटीवी में सोनोग्राफी एवं अन्य मशीनों की चोरी कैद हुई है। सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट नजर आ रहा है कि दिनदहाड़े की जा रही चोरी के दौरान डा. देवेंद्र सिंह समेत तीन लोग मौजूद हैं। कोतवाली पुलिस को भी अस्पताल की ओर से सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया गया है जिससे विवेचना में मदद मिल सके।
