महाराणा प्रताप वार्ड में पेयजल की गंभीर समस्या, 80 मकानों में नहीं पहुंच रहा पानी

जबलपुर:नगर निगम द्वारा हर घर को पेयजल मुहैया कराने वाली योजना के दावे के बीच महाराणा प्रताप वार्ड के परसवाड़ा कॉलोनी धनवंतरी नगर में बने 80 घरों में 1 साल से जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। लोगों ने अपने घरों मे पानी नहीं पहुंच पाने को लेकर कई बार पार्षद से लेकर अधिकारियों तक को शिकायतें की लेकिन आज तक इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लोगों का आरोप है कि जलकर तो नगर निगम उनसे ले रहा है लेकिन बदले में पानी नहीं मिल पा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री की ऑनलाइन कंप्लेंट पोर्टल में पानी दिलाने की मांग की है। स्थानीय निवासी कमलेश प्रजापति ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा परसवाड़ा कॉलोनी में 4 इंच की पाइपलाइन बिछाई गई थी जिसे निगम द्वारा तोड़कर 2 इंच की पाइपलाइन में परिवर्तित कर दिया गया जिसके चलते पानी का प्रेशर डाउन हो गया और पूरी कॉलोनी में के किसी भी घर में पेयजल नहीं पहुंच पा रहा है।
जहां पाइपलाइन, वहां गंदा पानी
शहर के महाराणा प्रताप वार्ड में पेयजल की पाइप लाइन में लीकेज हो ने के कारण घरों में गंदा पानी आ रहा है। इससे लोगों की सेहत पर विपरीत असर पड़ रहा है। साथ ही हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। वार्डवासी कई बार नगर निगम मे शिकायत भी दे चुके हैं, इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बता दें, कि नगर निगम के महाराणा प्रताप वार्ड मे परसवाड़ा कॉलोनी के आसपास कई स्थानों पर पाइप लाइन फूटी है। इससे पाइप लाइन में नालियों का गंदा बदबूदार पानी मिलकर नलों के माध्यम से घरों में पहुंच रहा है। इससे लोग पानी नहीं भर पा रहे हैं, उन्हें पीने के पानी के लिए इधर-उधर से इंतजाम करना पड़ रहा है। वार्ड के कमलेश विश्वकर्मा ने बताया कि वार्ड के रास्ते में और घरों के सामने एक साल से पाइप लाइन में लीकेज हो रही है, जिससे लोगों के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है। इस कारण लोगों को पेट दर्द की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन का पक्ष
गर्मी में जल संकट से जूझ रहे महाराणा प्रताप वार्ड के पार्षद से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वार्ड में कहीं भी पेयजल की समस्या नहीं है सिर्फ एक जगह पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण थोड़ी देर के लिए पेयजल सप्लाई बाधित हुई थी। वही वार्डवासियों ने बताया कि पेयजल की समस्या को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को अवगत भी कराया गया था, लेकिन जिम्मेदार इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे है।
इनका कहना है
वार्ड में पेयजल को लेकर कोई भी समस्या नहीं है सिर्फ एक दिन के लिए समस्या हुई थी उसे भी दुरुस्त कर लिया गया है।
जितेंद्र कटारे, पार्षद, महाराणा प्रताप बोर्ड

अमृत जल प्रोजेक्ट के पूरे होते ही पूरे शहर को बेहतर आपूर्ति की जा सकेगी। अभी परसवाड़ा कॉलोनी से टंकी दूर होने के कारण समस्या उत्पन्न हो जाती है।
कमलेश श्रीवास्तव, कार्य यंत्री जल, नगर निगम

Next Post

फाल्टा विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान शुरू: सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच 285 बूथों पर डाले जा रहे वोट, कड़ी निगरानी जारी

Thu May 21 , 2026
कोलकाता | पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा विधानसभा सीट पर आज पुनर्मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू हो गई है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। […]

You May Like