
जबलपुर। नगर निगम के अधिकारियों ने अलग-अलग वाहनों के काफिले की परंपरा को बंद करते हुए एक बड़ा संदेश दिया है। मंगलवार को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान ने एक ही गाड़ी में सवार होकर शहर के विभिन्न संभागों का सघन दौरा किया। अधिकारियों की इस सादगी और पहल का मुख्य उद्देश्य ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
कर्मचारियों से तत्काल लगवाई झाडू
दोनों अधिकारियों ने एक साथ भानतलैया, अधारताल और सुहागी संभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्डों की सफाई व्यवस्था को बारीकी से परखा और नागरिकों को मिलने वाली जनसुविधाओं को बेहतर व व्यवस्थित पाया। अधिकारियों को अपने बीच पाकर स्थानीय नागरिकों ने भी व्यवस्थाओं को लेकर अपने सकारात्मक फीडबैक साझा किए। निरीक्षण के दौरान जब निगमायुक्त और अपर आयुक्त मंडी मदार टेकरी के पास पहुंचे, तो वहां कुछ स्थानों पर गंदगी देखकर उन्होंने तत्परता दिखाई। अधिकारियों ने अपनी मौजूदगी में वहां सफाई कर्मचारियों से झाड़ू लगवाई और पूरे परिसर को साफ कराया।
गंदगी फैलाने वालों पर 500 का जुर्माना
सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम अब पूरी तरह मुस्तैद है। निरीक्षण के दौरान जिन दुकानदारों द्वारा सड़क पर गंदगी फैलाई जा रही थी, उन पर अधिकारियों ने तत्काल 500 का जुर्माना ठोंका। साथ ही सभी दुकानदारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन अवश्य रखें और कचरा सड़क पर न फेंकें। ऐसा न करने पर आगे और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
