
ग्वालियर । उपनगर ग्वालियर में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए सुपर सकर मशीन द्वारा चल रहे सीवर सफाई महाअभियान के दौरान मंगलवार को वार्ड नंबर 15 स्थित यादव धर्मकांटा के निकट एक ऐसे सीवर चेम्बर की सफाई की गई जो बीते 6 साल पहले सड़क निर्माण के दौरान नीचे दब गया था। खास बात यह है कि इस सीवर चेम्बर को खोजने के लिए सीवर सफाई कार्य हेतु तैनात टीम द्वारा 10 से 12 फीट लम्बाई में सड़क की 6 फीट गहराई तक खुदाई करनी पड़ी।
मंगलवार को इस सीवर चेम्बर की सफाई का कार्य होते देख स्थानीय नागरिकों ने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को इस बात के लिए साधुवाद दिया कि 6 साल बाद सीवर चेम्बर की सफाई होने से उन्हें समस्या से मुक्ति दिलाई। उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर मंगलवार को कुल 32 सीवर चेम्बर की सफाई का कार्य किया गया। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह ने फोन पर स्थानीय नागरिकों से बातचीत कर सीवर सफाई कार्य का फीडबैक लिया।
