
जबलपुर। बंग समाज के आस्था का केंद्र कालीबाड़ी (काली मंदिर) खमरिया में बीती देर रात करीब 2 बजे उस वक्त हंगामा हो गया जब मंदिर परिसर में एक महिला वहां के पट बंद होने के बाद भी हटने तैयार नहीं हुई। कुछ देर में मंदिर समिति के सचिव सहित अन्य पदाधिकारी मंदिर में पहुंचे और उन्होनें मनीषा बर्मन नामक महिला से मंदिर से जाने को कहा जिस पर वह भड़क उठी और मंदिर समिति के पदाधिकारियों से अभद्रता करने लगी। करीब एक घंटे तक मंदिर परिसर में हंगामा होता रहा और अंत में बात खमरिया पुलिस थाना तक जा पहुंची। जानकारी के अनुसार मनीषा बर्मन नामक महिला मंदिर में डेरा जमाने की बात पर अड़ी थी जिसको लेकर मामला गरमा गया। प्रबंधन समिति के अर्नब दास गुप्ता सहित अन्य ने नवभारत को बताया कि उक्त महिला पिछले लंबे समय से मंदिर संचालन में बाधा उत्पन्न कर रही है। जिसके बाद सदस्यों ने खमरिया पुलिस थाना में महिला के खिलाफ शिकायत की और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लिया है।
सुरक्षा अधिकारी को दी जा चुकी है शिकायत
समिति सचिव के अनुसार
कालीबाड़ी (काली मंदिर) खोलने व बंद करने का समय निर्धारित है। लेकिन उक्त महिला मंदिर बंद होने के बाद भी परिसर में बैठी रहती है। चूंकि उक्त स्थान आयुध निर्माणी खमरिया के अधिकार क्षेत्र में आता है। लिहाजा सुरक्षा अधिकारी को भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं। लेकिन उसके बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हुई। मंदिर सुनसान इलाके में रात के समय मंदिर कैंपस में उक्त महिला के साथ कोई अनहोनी हो जाए तो पूरा दोष मंदिर समिति पर आ जाएगा।
