
जबलपुर। नगर निगम के सफाई अमले को एक बार फिर से निगमायुक्त ने फटकार लगाई तब कहीं जाकर कॉफी हाउस करमचंद्र चौक के नाले के पास कई दिनों से पड़ी सिल्ट, गंदगी को अमले ने हटाया। नाले के पास पड़ी गंदगी को हटाते देख स्थानीयजनों ये कहते हुए नजर आए कि चलो भैया अब कम से कम हम सभी को गंदी बदबू नहीं आएगी। विदित हो कि जनसमस्या की ये खबर और नगर निगम के नाला गैंग कर्मचारियों की उदासीन कार्यप्रणाली को उजागर करती नाले से बाहर निकालकर छोड़ दी गंदगी के शीर्षक की खबर 10 मई को प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिस पर निगमायुक्त ने संज्ञान लिया और स्थानीय लोगों को राहत प्रदान की। गंदगी हटने के बाद स्थानीय रहवासी अविनाश मोटवानी के साथ स्थनीय रहवासियों ने नवभारत व निगमायुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया है।
जानकारी के अनुसार कई दिनों पहले नगर निगम के नाला गैंग के कर्मचारियों ने कॉफी हाउस करमचंद्र चौक के नाले को साफ तो किया लेकिन उससे निकली गंदगी, सिल्ट को कर्मचारियों ने नाले के पास ही छोड़ दिया जिससे गंदी बदबू आ रही है। स्थानीय निवासी अविनाश मोटवानी सहित अन्यजनों का कहना था कि सफाई कर्मियों से उन्होंने कई बार नाले की गंदगी को हटाने बोला है लेकिन उसके बाद भी गंदगी दूर नहीं की गई थी।
