
ग्वालियर। शहर के उपनगर क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर आज शुक्रवार को 3 करोड़ 64 लाख रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इन विकास परियोजनाओं में सड़क, नाली, सीसी रोड, पार्क, सामुदायिक भवन और बाउंड्री वॉल का निर्माण शामिल है। संबंधित क्षेत्रों में कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे वार्ड क्रमांक-4 स्थित 24 बीघा कॉलोनी में आंगनबाड़ी के पास 23.66 लाख रुपए की लागत से बनने वाले पार्क का भूमिपूजन करेंगे। इसके बाद सुबह 9:45 बजे गुरुनानक नगर में मुख्य मार्ग पर 15 लाख रुपए की लागत से नाली निर्माण परियोजना का शुभारंभ किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे बहोड़ापुर के कुशवाह मोहल्ला में 11.48 लाख रुपए की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड एवं सीवर लाइन कार्य का भूमिपूजन होगा। वहीं, 11 बजे ओमनगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण अपार्टमेंट से आंगनवाड़ी तक 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नाले के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद मास्टरमाइंड स्कूल क्षेत्र में 19 लाख रुपए की लागत से गलियों में सीसी रोड निर्माण कार्य की आधारशिला रखी जाएगी।दोपहर 12:20 बजे चंदन नगर श्मशान रोड से सूरज सुंदरम गार्डन तक 36 लाख रुपए से अधिक लागत की सड़क निर्माण परियोजना का भूमिपूजन होगा। इसके उपरांत बंडाचूरा क्षेत्र में 12.17 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। राय कॉलोनी में भी पार्क निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम निर्धारित है।
