
भोपाल। राजधानी भोपाल से श्रीनगर, चेन्नई, केरल, देहरादून, कोलकाता, जयपुर, चंडीगढ़ और जम्मू सहित कई बड़े शहरों के लिए आगामी महीनों में नई हवाई सेवाएं शुरू हो सकती हैं। एयरलाइंस ऑपरेटरों से इसके लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन ने ‘रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल’ (आरएफपी) जारी कर शेड्यूल एयरलाइन ऑपरेटरों को भोपाल और प्रदेश के अन्य हवाई अड्डों से प्रमुख घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सीधी उड़ान सेवाएं प्रारंभ करने के लिए आमंत्रित किया है। राजा भोज एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठकों में भोपाल से चेन्नई, कोलकाता, गोवा, जयपुर, चंडीगढ़, जम्मू, श्रीनगर, देहरादून और केरल सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए बेहतर उड़ान सेवाओं की आवश्यकता पर सुझाव दिए गए थे।
वही मध्यप्रदेश सरकार द्वारा घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए वित्तीय प्रोत्साहन देने की पहल एयरलाइंस कंपनियों को भोपाल जैसे संभावनाशील केंद्र से जोड़ने में सहायक होगी। राजधानी भोपाल मध्य भारत का स्वाभाविक कनेक्टिविटी सेंटर है और बेहतर हवाई सेवाओं से पर्यटन, निवेश, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा यात्रा, रियल एस्टेट तथा लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को गति मिलेगी।
जबकि हाल ही में एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी की बैठक सांसद एवं समिति अध्यक्ष आलोक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई थी, जिसमें एयर कनेक्टिविटी, यात्री सुविधाएं, स्वच्छता, ट्रैफिक व्यवस्था और भविष्य की जरूरतों पर विस्तार से चर्चा की गई थी।
बैठक में एयरपोर्ट पर बड़े बैकलिट डिस्प्ले, बेहतर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, रिक्लाइनर सुविधा और चेन्नई के लिए नॉन-स्टॉप फ्लाइट शुरू करने जैसे सुझाव रखे गए। इसके अलावा पार्किंग व्यवस्था, वार्षिक फायर सेफ्टी ऑडिट, आपातकालीन स्थितियों में स्टाफ प्रशिक्षण तथा कोलकाता, चंडीगढ़, गोवा, श्रीनगर, जम्मू, जयपुर, उदयपुर और चेन्नई के लिए नियमित उड़ानों की मांग भी उठाई गई।
मीटिंग में हैदराबाद होते हुए चेन्नई, कोलकाता होते हुए बागडोगरा, लखनऊ होते हुए देहरादून, जयपुर होते हुए जम्मू और वाराणसी होते हुए अयोध्या जैसे व्यवहारिक रूट भी सुझाए गए। साथ ही राजा भोज एयरपोर्ट को “हेल्दी एयरपोर्ट” के रूप में विकसित करने के लिए फ्रूट्स बार, पोहा स्टॉल और स्थानीय व्यंजनों को बढ़ावा देने के सुझाव दिए गए।
