
छापीहेड़ा। बीती रात्रि को नगर में एक धार्मिक स्थल पर मौजूद दो दानपेटी से अज्ञात बदमाश द्वारा चोरी कर हजारों रुपये नगदी चोरी करने की घटना प्रकाश में आई है. कुछ दिन पूर्व भी मंदिर परिसर से कुछ सामान चोरी होना बताया जाता है.
चोरों ने शनि मंदिर एवं पंचमुखी हनुमान मंदिर की दानपेटियां तोडक़र हजारों रुपए नगदी चोरी कर लिए. घटना का पता उस समय चला जब रविवार सुबह श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और दान पेटियों के ताले टूटे देखे. घटना से आक्रोश व्याप्त हो गया.
जानकारी के अनुसार शनिवार रात 8 बजे से रविवार सुबह 7 बजे के बीच अज्ञात बदमाश मंदिर परिसर में बाहर रखी दान पेटियों के ताले तोडक़र नगदी राशि निकाल ले गये. चोरी राशि हजारों में बताई जाती है.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी लगते ही छापीहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे है.
विगत दिवस हुआ था सामान चोरी
मंदिर के पुजारी श्याम दास जी महाराज के अनुसार तीन-चार दिन पहले भी महादेव मंदिर से पीतल की जलधारा, एक बाल्टी तथा शनि मंदिर का लोटा चोरी हो चुका है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से श्रद्धालुओं में नाराजगी है. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है.
