
खंडवा। खंडवा-अमरावती राज्य मार्ग पर शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात हुए सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवतियां घायल हो गईं। हादसा ग्राम गुड़ी स्थित अनाज मंडी के पास ब्लैक स्पॉट पर हुआ, जहां कार अनियंत्रित होकर पलट गई।पुलिस के अनुसार कार में महाराष्ट्र के अमरावती निवासी चार दोस्त सवार थे, जो महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन और पूजा के लिए उज्जैन जा रहे थे।
हादसे में गौतम सेवानी (23) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तनु और नायरा नामक युवतियां घायल हो गईं। चालक दर्शन सुरक्षित बच गया।प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना हादसे का कारण माना जा रहा है। चालक ने पुलिस को बताया कि अचानक नींद का झोंका आने से कार अनियंत्रित हो गई।
इसी दौरान सामने जानवर आने पर ब्रेक लगाने से वाहन पलट गया। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार के एयरबैग भी नहीं खुले।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर डायल-112 टीम पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवतियों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक मृतक गौतम अमरावती में स्पा सेंटर संचालित करता था। परिवारजन के अनुसार वह कालसर्प दोष निवारण पूजा के लिए उज्जैन जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
