सुलतानपुर, 07 मई (वार्ता) उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में जयसिंहपुर क्षेत्र स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह एक स्कार्पियो और एम्बुलेंस की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार यह हादसा सुबह करीब 11:15 बजे दरपीपुर गांव के पास हुआ। बताया गया कि एम्बुलेंस गलत दिशा से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रही थी, तभी सामने से आ रही स्कार्पियो से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्कार्पियो में गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के ककराही निवासी अजय यादव अपने परिवार के साथ लखनऊ जा रहे थे। वाहन अजय यादव चला रहे थे। स्कार्पियो में उनके साथ कुमारी साक्षी, रीमा, ओम, प्रीति देवी, गीता देवी, ऊषा, आदिया देवी तथा नंदगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी प्रतिमा और उनकी पुत्री कुमारी सौम्या सवार थीं।
एम्बुलेंस चालक की पहचान गप्पू के रूप में हुई है। वहीं एम्बुलेंस में सवार युवक की पहचान मऊ जिले के सरायलखन थाना क्षेत्र के ताजहा निवासी भोलू प्रकाश पुत्र जयनाथ के रूप में हुई। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा कर्मियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल विभिन्न अस्पतालों में भेजा गया। छह घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर तथा एम्बुलेंस चालक समेत पांच घायलों को सीएचसी कूरेभार भेजा गया।
भोलू प्रकाश को बिरसिंहपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। दोस्तपुर सीएचसी से गंभीर रूप से घायल अजय यादव को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहीं सीएचसी कूरेभार से एम्बुलेंस चालक गप्पू को भी मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
यूपीडा कर्मियों ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सेमरी टोल प्लाजा भिजवाया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य कराया गया।
