सतना:धार्मिक नगरी चित्रकूट के विकास के लिए दो वर्ष पूर्व नए सिरे से गठित किए गए चित्रकूट विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष के रूप में अंतत: जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता विजय यादव को प्राधिकरण का पूर्णकालिक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.गौरतलब है कि प्रदेश के मुखिया डा. मोहन यादव ने प्रदेश की कमान संभालने के बाद चित्रकूट के विकास के लिए नगरीय निकाय के अतिरिक्त विकास प्राधिकरण गठित करने का निर्णय लिया था. गठन के निर्णय के पश्चात प्राधिकरण अध्यक्ष के तौर पर किसी नेता की नियुक्ति न करते हुए जिले के कलेक्टर को प्राधिकरण अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
तत्कालीन कलेक्टर अनुराग वर्मा को प्राधिकरण का प्रथम अध्यक्ष राज्यशासन की ओर से अधिसूचित किया गया था. उनके स्थानांतरण के उपरान्त वर्तमान कलेक्टर डा. एस. सतीश को प्राधिकरण का दूसरे अध्यक्ष के तौर पर दायित्व सौंपा गया है.बुधवार को राज्य मंत्रालय के नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग के उप सचिव चन्द्रकान्त साधव द्वारा जारी आदेश के तहत चित्रकूट विकास प्राधिकरण का नये अध्यक्ष के तौर पर विजय यादव को आगामी आदेश तक के लिए नियुक्ति प्रदान की गई है.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में कांग्रेस की अर्जुन ंिसंह के नेतृत्व वाली सरकार ने पहली बार चित्रकूट को साडा क्षेत्र घोषित कर उस जमाने के प्रतिष्ठित प्रशासनिक अधिकारी आईसीएस एमपी सिंह को पहले अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति की गई थी बाद में भी पटवा सरकार के समय चित्रकूट विकास प्राधिकरण का गठन किया गया था. जिसके पहले अध्यक्ष के रूप में जिले के वरिष्ठ अधिवक्ता रामगोपाल गुप्ता को बतौर प्राधिकरण अध्यक्ष दायित्व सौंपा गया था. इसके उपरान्त जिले के प्रतिष्ठित व्यवसायी उमाचरण गुप्ता को भी कुछ दिनों के लिए प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था. इसके बाद प्रदेश में भाजपा सरकार होने के बावजूद प्राधिकरण के पुर्नगठन का कभी कोई निर्णय नहीं लिया गया
