बोलेरो-कार में सीधी भिड़ंत, दम्पत्ति की मौत, बेटी एवं चालक गंभीर रूप से घायल

सिंगरौली। सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे-39 के गोपद पुल पर आज बुधवार की शाम करीब 4:30 बजे बोलेरो एवं कार के बीच हुई आमने-सामने भिड़ंत में कार में सवार पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं मृतक की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रिफर किया गया है। चिकित्सको के अनुसार बिटिया की हालत गंभीर है।

जानकारी के अनुसार कार वाहन क्रमांक एमपी 66 जेडएफ 5175 को किराए से लेकर गायत्री प्रसाद तिवारी बैढ़न स्थित पचखोरा अपने आवास पत्नी ममता तिवारी उम्र 42 वर्ष एवं बेटी नेहा तिवारी उम्र 18 वर्ष के साथ यूपी के हलिया गांव से आ रहे थे कि करथुआ एवं बहरी के मध्य स्थित गोपद पुल पर बेकाबू बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 53 सीए 7732 करथुआ-झोको की ओर से आ रहे थे कि गोपद पुलिया पर बोलेरो चालक ने सीधे टक्कर मार दिया। जिसमें कार में सवार गायत्री प्रसाद तिवारी उम्र 45 वर्ष, ममता तिवारी एवं नेहा के साथ-साथ वाहन चालक घायल हो गये। जहां घटना की सूचना मिलते ही यातायात चौकी प्रभारी झोखों अनिल मिश्रा घटनास्थल पहुंच 112 वाहन की मदद से तत्काल उपचार के लिए घायलों को जिला चिकित्सालय सीधी के लिए रवाना किया गया। जहां सीधी अस्पताल पहुंचते ही गायत्री प्रसाद तिवारी एवं ममता तिवारी पति-पत्नी ने दम तोड़ दिया। जबकि नेहा की हालत नाजुक होने पर चिकित्सको ने रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रिफर कर दिया है। इधर बोलेरो वाहन में सवार चालक एवं अन्य सवारी घटना के बाद वाहन छोड़कर भाग खड़े हुये। वहीं स्वीफ्ट डिजायर के चालक को काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने बाहर निकाला और अस्पताल के लिए रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि बोलेरो चालक की लापरवाही से इतना भीषण सड़क हादसा हुआ, कहीं न कहीं बोलेरो वाहन चालक शराब के नशे में रहा होगा, तभी बोलेरो वाहन से शराब की खाली बोतले भी मिली हैं। फिलहाल चितरंगी पुलिस बोलेरो वाहन चालक के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर तलाश शुरू कर दी है।

ट्रॉलीमेकर का कार्य करते थे गायत्री

जानकारी के अनुसार गायत्री प्रसाद तिवारी मूल रूप से रीवा जिले के निवासी हैं और बैढ़न में ट्रॉलीमेकर का कार्य कई वर्षो से करते आ रहे थे। अपने परिवारजनों के साथ रिश्तेदारी हलिया गयेे थे और वहां से आज बुधवार को वापस बैढ़न आ रहे थे कि सड़क हादसे का शिकार हो गये और इस भीषण सड़क हादसे में दम्पत्ति की मौत हो गई। वहीं मृतक की बेटी गंभीर रूप से घायल है। इस घटना को सुन पूरे परिवार में शोक व्याप्त हो गया। यहां बताते चले कि विंध्यनगर थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक मुनेन्द्र प्रसाद मिश्रा के गायत्री प्रसाद तिवारी एवं ममता तिवारी सगे बुआ और फुफा हैं।

बोलेरो में मिली शराब की बोतले

प्रत्यक्षदर्शी बताते हैं कि सड़क हादसे की मुख्य वजह शराबखोरी है। जिस वक्त यह हादसा हुआ, बोलेरो वाहन में शराब की कई बोतले मिली हैं। संभावना जताया जा रहा है कि बोलेरो वाहन में जितने लोग सवार थे, सभी ने शराब पी रखी थी, चालक भी इससेे अछूता नही था। प्रत्यक्षदर्शी यह भी बताते हैं कि घटनास्थल को देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता है कि स्वीफ्ट डिजायर अपने साइड में था, इसी लिए कार डिवाइडर से सट गई, कहीं न कहीं बोलेरो चालक के लापरवाही ने एक परिवार के जिन्दगी को उड़ा दिया है। टक्कर इतनी तेज थी कि स्वीफ्ट डिजायर के परखच्चे उड़ गये।

Next Post

शादी से लौट रहा युवक हादसे का शिकार, पेड़ से टकराकर मौत

Wed Apr 29 , 2026
रतलाम। जिले के बाजना थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक रात में घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। सुबह तलाश करने पर उसका शव सडक़ किनारे एक मोड़ पर पेड़ के पास मिला। मृतक की […]

You May Like