
जबलपुर। पाटन थाना अंतर्गत स्टेट बैंक के समीप एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और ट्रक उसे लगभग 50 मीटर तक सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9 बजे दमोह की ओर से जबलपुर की जा रहा ट्रक क्रमांक एमपी 09 एच एच 3760 जब पाटन नगर के स्टेट बैंक के पास पहुँचा, तभी उसने स्कूटी सवार राम सिंह ठाकुर निवासी सिवनीको सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक तुरंत ब्रेक नहीं लगा सका, जिससे युवक ट्रक के नीचे फंसकर काफी दूर तक घिसटता चला गया।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
