नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (वार्ता) दिल्ली एमेच्योर वुशु एसोसिएशन द्वारा आयोजित 23वीं दिल्ली राज्य वुशु चैम्पियनशिप के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने ताओलु एवं सांडा स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को अत्यंत रोमांचक बना दिया। दूसरे दिन सब-जूनियर एवं जूनियर वर्ग (बालक एवं बालिका) की सांडा ( शानशू) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किए। ताओलु स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उच्च स्तर की तकनीक और संतुलन का प्रदर्शन किया। ताओलु स्पर्धाओं में डीएलडब्ल्यूक्यू का दबदबा देखने को मिला, जहाँ खिलाड़ियों ने कुल 24 स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। वहीं सांडा स्पर्धाओं में टीएमएएआई , बुद्धा वुशु क्लब एवं अन्य इकाइयों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में पदक प्राप्त किए। प्रतियोगिता के दौरान सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग में 24 किग्रा में आराध्या (बुद्धा वुशु क्लब), 28 किग्रा में राशिका (शिवाजी स्पोर्ट्स), 32 किग्रा में आरुषि (बुद्धा वुशु अकादमी) तथा अन्य वर्गों में खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इसी प्रकार सब-जूनियर बॉयज वर्ग में 24 किग्रा में अहिल खान (एनसीडब्ल्यू), 28 किग्रा में प्रिंस (एनडब्ल्यूसी), 32 किग्रा में शिवम (टीएमएआई), 36 किग्रा में देव (आरके स्पोर्ट्स) सहित अन्य खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। जूनियर गर्ल्स वर्ग में नैंसी बंसल (एचएमए), ऋषिका (बुद्धा वुशु क्लब), उर्वशी कुमारी (एचएमए), खुशी (एचएमए) सहित कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दिनभर चले मुकाबलों के दौरान ताओलु एवं सांडा स्पर्धाओं के विजेताओं को क्रमशः पदक प्रदान किए गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजवीर सिंह, डिप्टी कमांडेंट सीआरपीएफ (पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी एवं भारतीय वुशु टीम के पूर्व कोच) ने खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, मेहनत एवं निरंतर अभ्यास के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

