ईरान के साथ शांति वार्ता अगले 36-72 घंटों में संभव: ट्रम्प

वाशिंगटन, 22 अप्रैल (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को ईरान के साथ राजनयिक वार्ता को फिर से पटरी पर लाने के लिए एक एकीकृत प्रस्ताव पेश करने के लिए सीमित समय देते हुए कहा कि ईरान के साथ शांति वार्ता अगले 36 से 72 घंटों में संभव है।

श्री ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ा दी है ताकि तेहरान को एक एकीकृत प्रस्ताव पेश करने का समय मिल सके। श्री ट्रम्प ने ईरान के साथ बातचीत की संभावना पर न्यूयॉर्क पोस्ट से कहा, “यह संभव है!”

ट्रम्प प्रशासन अनिश्चितकाल तक युद्धविराम बढ़ाना नहीं चाहता और न ही ईरान को बातचीत को ज्यादा लंबा खींचने का समय देना चाहता है। इससे यह स्पष्ट होता है कि प्रशासन इस संघर्ष को कूटनीतिक रूप से सुलझाना चाहता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति का मानना है कि बातचीत जारी रहने के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य की अमेरिकी नाकाबंदी से ईरान पर दबाव बना रहेगा। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति की टीम में यह बात भी चर्चा में है कि नाकाबंदी जितनी लंबी चलेगी, वैश्विक अर्थव्यवस्था को उतना ही ज्यादा नुकसान होने का अनुमान है।

इस बीच, यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) के अनुसार, आज होर्मुज जलडमरूमध्य में कम से कम दो मालवाहक जहाजों पर गोलीबारी की गई। समुद्री प्राधिकरण ने बताया कि पहले जहाज के पास ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर की एक गनबोट आई जिसने जहाज पर गोलीबारी करने से पहले कोई रेडियो चेतावनी नहीं दी।

इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में दो जहाजों को जब्त कर लिया गया और उन्हें उचित प्राधिकरण के बिना संचालन करने, बार-बार नियमों का उल्लंघन करने और नौवहन प्रणालियों में हेरफेर करने के आरोप में ईरानी जलक्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया।

ईरानी मीडिया ने यह भी कहा कि तीसरा जहाज ग्रीक के स्वामित्व वाला जहाज है और उसे आईआरजीसी द्वारा निशाना बनाया गया और वह अब ईरान के तट पर निष्क्रिय पड़ा है।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ युद्धविराम की अवधि बढ़ा दी है क्योंकि उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के नेतृत्व वाली अमेरिकी वार्ता टीम ने शांति वार्ता के दूसरे दौर के लिए पाकिस्तान जाने की योजना को स्थगित कर दिया था क्योंकि ईरान की भागीदारी में अनिश्चितता के बीच राजनयिक प्रयास ठप हो गए थे।

श्री ट्रम्प ने कहा, “इसलिए मैंने अपनी सेना को नाकाबंदी जारी रखने और तैयार रहने का निर्देश दिया है। जब तक उनका प्रस्ताव प्रस्तुत नहीं किया जाता और बातचीत किसी न किसी तरह से समाप्त नहीं हो जाती तब तक युद्धविराम को बढ़ाया जाएगा।”

हालांकि, ईरानी अधिकारियों का रुख बंटा हुआ है। ईरानी संसद अध्यक्ष के सलाहकार महदी मोहम्मदी ने युद्धविराम विस्तार को एक चाल बताकर खारिज कर दिया और जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी, वहीं ईरान के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने कहा कि अगर उसके बंदरगाहों पर लगी नाकाबंदी हटा ली जाती है तो तेहरान बातचीत के लिए तैयार है।

इससे पहले अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने इस महीने की शुरुआत में इस्लामाबाद में ईरानी अधिकारियों के साथ लंबी बातचीत की थी लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। उन वार्ताओं के बाद श्री ट्रम्प ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी लगा दी और किसी भी समझौते के लिए यूरेनियम संवर्धन को समाप्त करने की मांग की।

 

 

Next Post

लेबनान एवं इजरायल के बीच युद्धविराम बढ़ाने को लेकर कोशिशें जारीः जोसेफ औन

Wed Apr 22 , 2026
वॉशिंगटन, 22 अप्रैल (वार्ता) लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा है कि इजरायल के साथ युद्धविराम बढ़ाने के लिए बातचीत जारी है लेकिन उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि किसी भी पक्ष को सुरक्षा उपायों में बाधा डालने या स्थिरता को नुकसान पहुँचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। श्री […]

You May Like