
सीधी। शहर के सोनांचल बस स्टैंड में संचालित एक किराना दुकान में आज अलसुबह भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटें जब धुआं के साथ बाहर निकलने लगी तो बस स्टैंड क्षेत्र में अफरा -तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नगरपालिका के फायर ब्रिगेड से आग बुझाने की कवायद शुरू हुई। आग की भीषण लपटों से अन्य दुकानों में भी आग लगने के खतरे को देखते हुए नगर परिषद चुरहट के फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। वही कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं मौके पर पहुंच कर मोर्चा संभाला। रवी प्रोविजन स्टोर
किराना की काफी बड़ी दुकान थी इस वजह से आग की लपटें काफी विकराल थी। कलेक्टर द्वारा पुलिस एवं नगर पालिका अमले के साथ सभी जतन शुरू किये गये जिससे आग पर जल्द काबू पाया जा सके। किराना दुकान में खाद्य तेल एवं वनस्पति घी का काफी स्टाक होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। सुबह होने के बाद आग की लपटें कमजोर पड़ी। कलेक्टर आग बुझने तक स्वयं मौके पर मौजूद रहे। व्यवसायियों का कहना था कि सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका का पूरा अमला फायर ब्रिगेड के साथ तत्काल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। कलेक्टर के साथ ही पुलिस एवं नगर पालिका अमले ने काफी मेहनत की जिससे आग पर काबू पाया जा सका। इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से रवि प्रोविजन के अतिरिक्त अन्य प्रतिष्ठानो को बचाया जा सका ।
प्रभावित व्यवसायी को कलेक्टर ने स्वयं दी आर्थिक मदद-
कलेक्टर विकास मिश्रा मौके पर मौजूद रहे इस वजह से उन्हें एहसास हुआ कि दुकान में आग लगने से व्यवसायी अजीत सितानी को लाखों की क्षति हुई है। इस वजह से उन्होंने व्यवसायियों एवं अन्य लोगों से भी आर्थिक मदद करने का आग्रह किया। साथ ही कलेक्टर ने स्वयं भी प्रभावित व्यवसायी को एक हजार रुपये की आर्थिक मदद देकर शुरुआत की। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे समय में व्यापारी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि प्रभावित व्यापारी के साथ खड़े होकर सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिला व्यापारी संघ ने की आर्थिक मदद की पहल-
आज भोर में रवि प्रोविजन की दुकान में अचानक आग लगने की घटना से लगभग 50-60 लाख का गंभीर नुकसान हुआ। जिला व्यापारी संघ के अध्यक्ष लालचंद गुप्ता ने रवि प्रोविजन में लगी आग को त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से काबू करने जिससे अन्य प्रतिष्ठानो को बचाया जा सका इसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया हैं। जिला व्यापारी संघ सीधी के सभी सदस्यों द्वारा अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग प्रदान कर इस व्यापारी को पुनः स्थापित करने में सहभागिता अपेक्षित है। इसके लिए जारी क्यूआर कोड के माध्यम से सहयोग राशि सीधे प्रेषित की जा सकती है।
