तापमान में वृद्धि,बदला स्कूल का समय

सीधी।गर्मी की विभीषिका लगातार बढऩे लगी है। हालात यह है कि सुबह 10 बजे से ही लू के भारी थपेड़े चलने लगते हैं। लू लगने का खतरा भी तेजी के साथ बढ़ गया है। कलेक्टर विकास मिश्रा ने तापमान में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए स्कूलों में समय को परिवर्तित करने का आदेश जारी किया है। थर्मामीटर का पारा 43 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए कलेक्टर सीधी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में लगातार तापमान में वृद्धि को दृष्टिगत रखते हुए जिले में समस्त शासकीय, अशासकीय, आईसीएसई, सीबीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल, अनुदान प्राप्त एवं अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 12वीं के छात्र-छात्राओं हेतु शाला संचालन के समय में परिवर्तन हेतु दिशानिर्देश प्रसारित किए गए हैं। कक्षा नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आगामी आदेश तक शाला समय में परिवर्तन कर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक नियत किया गया है। उक्त आदेश के बाद अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से 12:30 बजे तक संचालित होने लगे हैं। भीषण गर्मी एवं लू के बढ़ते प्रकोप के चलते विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति लगातार कम हो रही हैे। अभिभावक अपने बच्चों को लू के प्रकोप से बचाने के लिए विद्यालय नहीं भेज रहे हैं। यह अवश्य है कि सरकारी विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन के लिए कुछ बच्चों की नियमित उपस्थिति अभी बनी हुई है। भीषण गर्मी के चलते लोग आवश्यक काम होने पर ही दोपहर में घर से निकल रहे हैं। अधिकांश लोग काम न होने पर घर में ही दोपहर का समय गुजार रहे हैं। यह अवश्य है कि वैवाहिक कार्यक्रमों की भरमार होने के कारण लोग इनमें शामिल होने के लिए दोपहर में भी निकल रहे हैं। निमंत्रण के बाद भी कई लोग दोपहर के समय वहां पहुुंचने से दूरी बना लिए हैं। बाजारों में वैवाहिक कार्यक्रमों की तैयारी में लगे लोग ही ज्यादा संख्या में दोपहर में खरीदी का कार्य कर रहे हैं। अन्य लोग शाम के बाद ही बाजार में खरीदी के लिए निकल रहे हैं। इस वजह से बाजारों में दोपहर में सन्नाटा पसर रहा है।

 

 

दोपहर में एसी-कूलर की पड़ने लगी जरुरत

 

भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग एसी-कूलर का सहारा ले रहे हैं। आर्थिक रूप से कमजोर लोग भी पंखों के नीचे अपना ज्यादातर समय गुजार रहे हैं। चर्चा के दौरान कुछ लोगों का कहना था कि विगत एक सप्ताह से गर्मी काफी तेज रफ्तार में बढ़ रही है। अभी अप्रैल महीना समाप्त नहीं हुआ है और थर्मामीटर का पारा 41 डिग्री पार कर चुका है। यदि इसी तरह से गर्मी की विभीषिका बढ़ती रही तो मई और जून महीने में गर्मी के सभी रिकार्ड टूट जाएंगे। भीषण गर्मी का असर जन जीवन पर भी पड़ रहा है। इसी वजह से लोग दोपहर के समय यात्रा करने से दूरियां बना रहे हैं। आवश्यक कार्य के सिलसिले में ही दोपहर के समय लोग यात्रा कर रहे हैं। भीषण गर्मी के चलते बाजार में एसी-कूलर की मांग काफी तेजी के साथ बढ़ चुकी है। इसी वजह से इनके दाम में भी काफी उछाल आ चुका है। कूलर पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 2-3 हजार ज्यादा कीमत में बिक रहे हैं। वहीं एसी एवं फ्रिज के दाम भी 3-4 हजार रुपए बढ़ चुके हैं। तत्संबंध में कुछ व्यवसायियों का कहना था कि यह कीमतें सीधे कंपनी की ओर से ही बढ़ा दी गई हैं। इसका मुख्य कारण वैश्विक युद्ध के चलते आवश्यक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का समय पर न पहुंचना साथ ही माल भाड़ा में वृद्धि है।

 

मौसमी बीमारियों का दिखने लगा असर

 

मौसमी बीमारियों का असर भी तापमान में वृद्धि के चलते मौसमी बीमारियों का असर भी कफी तेजी के साथ दिखने लगा है। पिछले एक सप्ताह में 2236 मरीज मौसमी बीमारियों से पीडि़त होकर जिला अस्पताल में ही अकेले पहुंच चुके थे। तेज बुखार, सिर दर्द, चक्कर, कमजोरी और त्वचा में लाल चकत्ते जैसी शिकायतें आम हो गई हैं। गर्मी का सबसे ज्यादा असर बच्चों में देखा जा रहा है।

 

एक सप्ताह के तापमान पर नजर

दिनांक अधिकतम न्यूनतम

15 अप्रैल 38.4 21.4

16 अप्रैल 41.2 24.0

17 अप्रैल 40.6 23.4

18 अपै्रल 41.2 24.4

19 अप्रैल 41.4 24.6

20 अप्रैल 41.8 23.9

21 अप्रैल 41.0 34.3

Next Post

सीएम डॉ यादव का भव्य रोड शो, कांग्रेस और डीएमके केवल परिवारवाद को देते हैं बढ़ावा, सुशासन के लिए एनडीए जरूरी

Tue Apr 21 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को तमिलनाडु के नमक्कल जिले के राशिपुरम और तिरुपुर के अविनाशी विधानसभा क्षेत्रों में रोड शो और जनसभा के जरिए एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस और डीएमके ने महिलाओं के […]

You May Like