जबलपुर: नेपियर टाउन, जबलपुर अस्पताल के समीप संचालित एक खाद्य प्रतिष्ठान पर सबवे ब्रांड के नाम का दुरुपयोग कर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। म.प्र. छात्र संगठन के अनुसार उक्त प्रतिष्ठान स्वयं को सबवे की अधिकृत फ्रेंचाइजी के रूप में प्रस्तुत कर रहा था, जबकि वह वैध फ्रेंचाइजी नहीं है।आरोप है कि प्रतिष्ठान द्वारा “सतनाम फूड्स” के नाम से बिल जारी किए जा रहे हैं, जबकि ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो पर इसे “सब्स” नाम से सूचीबद्ध किया गया है। साथ ही परिसर में सबवे के न्यूट्रिशन चार्ट एवं ब्रांडेड सामग्री प्रदर्शित कर ग्राहकों को भ्रमित किया जा रहा था।
यह मामला तब सामने आया जब फूटाताल निवासी आकाश खरे ने खाद्य सामग्री खरीदते समय संदेह जताया और इसकी जानकारी म.प्र. छात्र संगठन के अध्यक्ष अभिषेक पाण्डेय को दी। इसके बाद संगठन ने मामले की जांच कर पुलिस थाना ओमती में ज्ञापन सौंपते हुए एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। म.प्र. छात्र संगठन ने इस कथित फर्जीवाड़े का खुलासा कर उपभोक्ताओं को सतर्क किया है। संगठन की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है।
