किराये के कमरे को लेकर विवाद, साढ़ू ने युवक पर किया हमला

सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र में किराये के कमरे को लेकर हुए विवाद में एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी साढ़ू ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि नुकीली वस्तु से हमला कर घायल भी कर दिया।फरियादी बृजेश चौधरी 30 वर्ष निवासी कैमा उन्मूलन हाल निवासी मथुरा सिंह बस्ती ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह मजदूरी कर अपने परिवार के साथ किराये के कमरे में रहता है। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे उसका साढ़ू विष्णु चौधरी उसके कमरे में आया और वहीं रहने की बात कहने लगा।

जगह नहीं होने की बात कहने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। बृजेश के अनुसार मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर हाथ-घूंसों से मारपीट की और किसी नुकीली वस्तु से उसके बाएं गाल पर वार कर दिया। हमले में उसके गाल और दाहिने कान में चोट आई है साथ ही शरीर में दर्द की शिकायत है। घटना के दौरान पीडि़त के शोर मचाने पर पड़ोसी नीता कोल मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गया। पीडि़त की शिकायत पर कोलगवां थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

Next Post

शिवपुरी में अनियंत्रित ट्रक खाई में गिरा, दूसरे वाहन चपेट में आने से बचे

Tue Apr 14 , 2026
शिवपुरी:जिले की लुकवासा चौकी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-46 पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। यह हादसा दैहरदा ब्रिज से उतरते समय हुआ। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह ट्रक महाराष्ट्र के औरंगाबाद से अलीगढ़ की ओर जा रहा था। […]

You May Like