इंदौर: शहर में पुताई के नाम पर घरों में घुसकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से करीब 25 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर और एक एक्टिवा वाहन बरामद कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.पुलिस उपायुक्त जोन 2 कुमार प्रतीक ने बताया कि कनाडिया थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में आरोपियों ने पुताई का ठेका लेकर घर की चाबी हासिल की और मौका पाकर अंदर रखे जेवरात चोरी कर लिए.
घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की. जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी पुताई का काम करने के बहाने घरों की रेकी करते थे और फिर सुनसान समय में चोरी को अंजाम देते थे.
डीसीपी के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन गेमिंग और अपनी अय्याशी के खर्च पूरे करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 150 ग्राम सोने के जेवर, जिनमें चूड़ियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र, चेन, पेंडल सहित अन्य आभूषण शामिल हैं, जब्त किए हैं. साथ ही घटना में प्रयोग एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की गई है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.
सराहनीय भूमिका निभाने वाली टीम
थाना प्रभारी कनाडिया सहर्ष यादव के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया. टीम में प्र.आर. पुनीत चौबे, आरक्षक जंगजीत जाट, मनोज पटेल, अमित भदौरिया, रामभजन गुर्जर, नीरज जाट, शुभम कटारे तथा साइबर सेल जोन-2 के प्रवीण सिंह की अहम भूमिका रही.
