
बनखेड़ी। नर्मदापुरम संभाग के कमिश्नर कृष्ण गोपाल तिवारी ने बुधवार को ओलावृष्टि प्रभावित ग्राम डंगरहाई और धडाव पड़ाव का दौरा कर फसल व मकान क्षति का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर गेहूं, तरबूज और खरबूज की फसलों को हुए नुकसान का आकलन किया तथा किसानों से सीधा संवाद कर शीघ्र सर्वे कर राहत राशि दिलाने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि डंगरहाई में 648 हेक्टेयर में से 46 हेक्टेयर फसल प्रभावित हुई है।
कमिश्नर ने मकान क्षति, पशु हानि और बिजली व्यवस्था की स्थिति भी देखी तथा संबंधित विभागों को तेजी से सर्वे और सुधार के निर्देश दिए। ग्राम चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने सड़क, आंगनबाड़ी भवन और श्मशान शेड निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही एचपीवी वैक्सीनेशन को बढ़ावा देने और अफवाहों से बचने की सलाह दी।
