सिवनी मालवा: सिवनी मालवा क्षेत्र में किसानों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहले ही पानी, बिजली, खाद की कमी और उपज बिक्री में आ रही दिक्कतों से जूझ रहे किसान अब आगामी फसलों की सिंचाई के लिए नहर का पानी नहीं मिलने से बेहद परेशान हैं। इस गंभीर स्थिति को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।किसानों की इन समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने बड़ा कदम उठाने का निर्णय लिया है। संगठन ने 08 अप्रैल को नहर (सिंचाई) विभाग के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन करने की घोषणा की है। भारतीय किसान संघ के
तहसील अध्यक्ष रामेश्वर जाट ने बताया कि किसानों द्वारा लगातार सिंचाई विभाग से नहरों में पानी उपलब्ध कराने और चारों माइनरों का गेज बढ़ाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बार-बार निवेदन और ज्ञापन देने के बावजूद विभाग द्वारा किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया और माइनरों का गेज नहीं बढाया गया,तो किसानों का आंदोलन और उग्र हो सकता है।
08 अप्रैल को प्रस्तावित पुतला दहन इसी नाराजगी का प्रतीक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की रहेगी। उन्होंने बताया कि हमने कई बार सिंचाई विभाग से मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन का निर्णय लिया गया है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।किसानों का कहना है कि यदि समय पर सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई, तो आने वाली फसलों पर इसका सीधा असर पड़ेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो सकती है।
