जबलपुर: गोहलपुर क्षेत्र के रद्दी चौकी स्थित मरही माता मंदिर के पास संचालित शराब दुकान को हटाने का विरोध शुरू हो गया है। स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने कलेक्टर के नाम अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि मंदिर के पास स्थित शराब दुकान को जल्द से जल्द हटाया जाए।ज्ञापन में ये भी आरोप लगाया गया कि मंदिर से महज 10 फीट दूरी पर शराब दुकान संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्रीय लोगों, महिलाओं और श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व पार्षद एडवोकेट सैय्यद ताहिर अली ने बताया कि इस शराब दुकान का लंबे समय से क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों द्वारा विरोध किया जा रहा है। विरोध के बाद शासन द्वारा दुकान को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था और इसके लिए गोहलपुर थाने से 200 मीटर की परिधि या अमखेरा रोड स्थित मालगुजार परिसर तक का नया स्थल तय किया गया था। इसके बावजूद 1 अप्रैल से अब तक दुकान पुराने स्थान पर ही संचालित हो रही है। ज्ञापन में कहा गया कि यह शासन द्वारा बनाए गए नियमों के खिलाफ है और इससे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रशासन को दी गई चेतावनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में आने-जाने वाली महिलाओं और श्रद्धालुओं को शराब दुकान के आसपास होने वाली अभद्रता, अशोभनीय हरकतों और अमानवीय व्यवहार का सामना करना पड़ता है। इससे धार्मिक स्थल का माहौल भी प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि दुकान को तत्काल निर्धारित नए स्थल पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि शासन के नियमों का पालन हो सके और क्षेत्रीय लोगों को राहत मिल सके। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि 24 घंटे के भीतर दुकान नहीं हटाई गई तो क्षेत्रीय नागरिक अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे और दोषी अधिकारियों के खिलाफ उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की जाएगी।
