
भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने राजधानी भोपाल में कथित फर्जी अस्पतालों के बढ़ते मामलों के विरोध में अनोखा प्रदर्शन किया। संगठन ने पोस्टर अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज़ उठाई, जो इन अवैध अस्पतालों को संरक्षण दे रहे हैं।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने आरोप लगाया कि शहर में कई अस्पताल नियमों का उल्लंघन करते हुए कागजों में फर्जी तरीके से डॉक्टरों और स्टाफ का उल्लेख कर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों और विरोध के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शन के दौरान लगाए गए पोस्टरों में व्यंग्यात्मक संदेश लिखे गए, जैसे “भोपाल में फर्जी अस्पताल खोलने के लिए संपर्क करें नट्टू शर्मा” और “फर्जी निरीक्षण रिपोर्ट के लिए संपर्क करें टीम नटवरलाल”, जिनके माध्यम से कथित अनियमितताओं को उजागर किया गया।
एनएसयूआई ने इस अभियान के जरिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आम जनता के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
