
भोपाल। अशोका गार्डन थाना इलाके में होटल संचालक की हत्या के आरोपी आसिफ खान उर्फ बम के खिलाफ रातीबड़ थाने में हत्या का प्रयास करने का केस दर्ज किया गया है. आरोपी आसिफ को पुलिस ने शार्ट एनकाउंटर करते हुए पकड़ा. घायल अवस्था में उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. आसिफ कब तक अपने पैरों पर खड़ा हो सकेगा. फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आ सकी है.
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जोन-1 रश्मि अग्रवाल दुबे ने बताया कि आरोपी आसिफ का इलाज अभी जारी है. डाक्टरों की तरफ से उसके फिटनेस को लेकर अभी कोई भी जानकारी साझा नहीं की गई है. आरोपी पर रातीबड़ थाने में हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज किया गया है.
बता दें कि आसिफ और उसके दो साथियों पर 31 वर्षीय होटल संचालक विजय मेवाड़ा की हत्या करने का आरोप है. इस हत्याकांड में आसिफ मुख्य आरोपी के तौर पर हत्या में शामिल था. आसिफ के खिलाफ पूर्व के कई आपराधिक प्रकरण भी दर्ज हैं. पुलिस इससे पहले विजय की हत्या के मामले में आसिफ के दो आरोपी साथियों आरोपी फरमान उर्फ आरिस और मो. इमरान उर्फ ब्रावो को घटना के कुछ ही घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया था. वारदात को अंजाम देने के बाद आसिफ लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था. घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद पुलिस के सामने आसिफ की फरारी चुनौती बनी हुई थी. पुलिस लगातार तकनीकी सहायता लेते हुए उसकी लोकेशन ट्रेस की और रातीबड़ इलाके में उस तक पहुंची.
