नयी दिल्ली, 02 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चावल की औसत कीमत गिर गयी। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी नरमी देखी गयी जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख रहा। औसत दर्जे के चावल का औसत भाव 47 रुपये घटकर 3,819 रुपये प्रति क्विंटल रह गया। गेहूं दो रुपये सस्ता हुआ और 2,789 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत पिछले कारोबारी दिवस पर ही रही। दाल-दलहनों में नरमी रही। उड़द दाल औसतन 67 रुपये प्रति क्विंटल टूट गयी। चना दाल की कीमत 51 रुपये और मूंग दाल की 40 रुपये गिर गयी। तुअर दाल 36 रुपये और मसूर दाल 32 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जून का पाम ऑयल वायदा 25 रिंगिट चढ़कर 4,794 रिंगिट प्रति टन पर रहा। मई का अमेरिकी सोया तेल वायदा 1.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 68.21 सेंट प्रति पौंड बोला गया। स्थानीय बाजारों में सरसों तेल की औसत कीमत 84 रुपये और सोया तेल की 47 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंगफली तेल 125 रुपये और वनस्पति 93 रुपये सस्ता हुआ। पाम ऑयल की कीमत 59 रुपये और सूरजमुखी तेल की 53 रुपये प्रति क्विंटल घट गयी।
मीठे के बाजार में आज गुड़ का औसत भाव 31 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया। चीनी भी पांच रुपये प्रति क्विंटल सस्ती हुई।

