भोपाल: बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया में हुए अतिक्रमण वाले स्थानों का चिन्हांकन और सीमांकन की कार्रवाई को लगभग 15 दिन हो चुके हैं. उसके बाद भी अभी तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा सकी है. प्रशासन के अनुसार खानूगांव के कुछ लोग उच्च न्यायालय चले गए थे, इसलिए अभी तक कार्रवाई नहीं हो सकी. अब सोमवार को बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में अतिक्रमण हटाए जाने की कार्रवाई शुरू हो सकती है. बता दें कि पिछले महीने प्रशासन की ओर से किए गए बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में सीमांकन के दौरान बैरागढ़ में 241 निजी व शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाए गए थे, जिन्हें तोडऩे के लिए प्रशासन ने चिहिन्त किया था.
जिन पर अब तक कार्रवाई शुरू नहीं की जा सकी. सवाल उठ रहे हैं कि जो लोग सर्वोच्च न्यायालय गए हैं, क्या उन पर नगर निगम के द्वारा कार्रवाई की जाना है? या फिर उनके अलावा अन्य अतिक्रमणों को तोडऩे की कार्रवाई हो सकती है. बड़े तालाब के किनारे बड़ी संख्या में रसूखदारों ने बैरागढ़ वृत्त में आने वाले कैचमेंट एरिया में बंगले, मैरिज गार्डन सहित अन्य तरह के अतिक्रमण किए हैं, जिससे बड़े तालाब में सीवेज मिल रहा है.
इससे पानी प्रदूषित हो रही है। जलीय जीवों के अस्तित्व पर संखट खड़ा हो गया है. इस पर शहर के पर्यावरणविद् भी चिंता जता चुके हैं. सांसद आलोक शर्मा की नाराजगी के बाद कलेक्टर ने जल्द ही बैरागढ़,टीटी नगर,हुजूर एसडीएम को पिछले महीने अतिक्रमण हटाने के लिए निर्देशित किया था. इस पर बैरागढ़ और टीटी नगर क्षेत्र में लगे बड़े तालाब के कैचमेंट एरिया का सीमांकन हुआ है. बैरागढ़ नजूल के तहसीलदार हर्ष विक्रम सिंह ने बताया कि संभवत: सोमवार को अतिक्रमण विरोधी मुहिम बड़ी झील के कैचमेंट एरिया में चलाई जा सकती है. हालांकि लालघाटी-हलालपुर में 4 अतिक्रमणें को हटाया जा चुका है.
