जबलपुर:मदनमहल थाना अंतर्गत नेपियर टाउन कंचन परिसर में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के बैंक खाते में सेंध लगाकर साइबर ठगों ने मात्र 75 मिनट के भीतर 5 लाख 50 हजार रुपये पार कर दिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि कंचन परिसर निवासी श्रीमती संध्या खंडेलवाल (59) के पति रेलवे से वीआरएस ले चुके हैं और बच्चे शहर से बाहर रहते हैं। उनके मोबाइल पर मैसेज आया, तो पति ने उसे चेक किया।
मैसेज देखते ही दोनों के होश उड़ गए, क्योंकि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया नेपियर टाउन शाखा के उनके खाते से 3 लाख रुपये कटने की सूचना थी। घबराई हुई महिला तुरंत बैंक पहुंची और अपना खाता चेक करवाया। बैंक स्टाफ द्वारा दी गई जानकारी और भी चौंकाने वाली थी। पता चला कि सवा घंटे में ठगों ने कुल 5 ट्रांजेक्शन किए थे। इन किस्तों में जालसाजों ने महिला के खाते से कुल 5 लाख 50 हजार रुपये उड़ा लिए थे। ठगी का शिकार होने के बाद महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
