ट्राइबल गेम्स के दूसरे दिन एथलेटिक्स में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन

बस्तर, 31 मार्च (वार्ता) छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के धरमपुरा, जगदलपुर स्थित क्रीड़ा परिसर में आयोजित खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के दूसरे दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जनजातीय प्रतिभाओं को मंच देने वाले इस आयोजन में सुबह से ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जिला पीआरओ ने मंगलवार को बताया कि पुरुष वर्ग की बाधा दौड़ में असम के त्रैलोक्य मसरोंग ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 15.85 सेकंड में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में तेलंगाना के सपावत दत्तू ने 16.65 सेकंड के साथ रजत और त्रिपुरा के हरि मोहन त्रिपुरा ने 16.82 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में गुजरात के संतोषभाई उत्तमभाई गनवित ने 49.332 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। ओडिशा के नोबल कुमार किसान 49.335 सेकंड के बेहद मामूली अंतर से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि कर्नाटक के रामू ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं 100 मीटर दौड़ में झारखंड के शिव कुमार सोरेन ने 10.58 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। छत्तीसगढ़ के तिलक बर्सेल 10.87 सेकंड के साथ दूसरे और ओडिशा के अतीश किंडो 10.91 सेकंड में तीसरे स्थान पर रहे।

लंबी कूद स्पर्धा में लक्षद्वीप के अब्दुल फतह एनएम ने 7.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। ओडिशा के भीमा सरदार और जीवन मुक्ति बिलुंग ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।

मैदानी स्पर्धाओं में पुरुष वर्ग की डिस्कस थ्रो में गुजरात के मकवाना दानिश दिलीपभाई ने 44.83 मीटर की दूरी तय कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। छत्तीसगढ़ के सिद्धार्थ नागेश ने 35.56 मीटर के साथ रजत पदक जीतकर स्थानीय दर्शकों का उत्साह बढ़ाया, जबकि ओडिशा के चंद्रय मुर्मू तीसरे स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में झारखंड की पृथ्वी ओरांव ने 12.73 सेकंड में स्वर्ण पदक जीता। नागालैंड की रुदुओलहौनुओं बेहो दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि झारखंड की पुतुल बास्की ने कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने आयोजन को और अधिक रोमांचक बना दिया।

 

 

 

Next Post

लसूडिया में किन्नरों का नेग के नाम पर उपद्रव, दो परिवारों पर किया हमला

Tue Mar 31 , 2026
इंदौर. लसूडिया इलाके में किन्नरों द्वारा दो अलग अलग परिवारों पर उपद्रव और धमकाने की घटनाएं सामने आई हैं. आरोप है कि नेग के नाम पर लाखों रुपए की मांग की गई और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार भी किया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. […]

You May Like