जबलपुर: घमापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूर्वी करिया पाथर इलाके में शराब पीने के लिए रुपयों की मांग पूरी न होने पर दो बदमाशों ने दो भाईयों पर पथराव कर दिया। हमले में दोनों भाई घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, करिया पाथर सरकारी कुआं निवासी प्रकाश ठाकुर (31) एक निजी संस्थान में कार्यरत हैं, रात करीब 10:30 बजे अपना काम खत्म कर घर लौट रहे थे।
जब वह तिवारी बर्तन वाले के बाजू वाली गली से गुजर रहा था, तभी वहां पहले से मौजूद युवराज राजपूत और ओमी राजपूत ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने प्रकाश से शराब पीने के लिए पैसों की मांग की। जब प्रकाश ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी विवाद करने पर उतारू हो गए। विवाद बढ़ता देख प्रकाश वहां से भागकर अपने घर पहुंचे और अपने भाई मोनू ठाकुर को आपबीती सुनाई।
जब प्रकाश अपने भाई मोनू के साथ वापस आरोपियों के पास बात करने पहुंचा तो युवराज और ओमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उन पर ईंट और पत्थर बरसाए, जिससे प्रकाश के पैर में और मोनू ठाकुर की आंख के पास गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित प्रकाश ठाकुर की शिकायत पर आरोपी युवराज राजपूत और ओमी राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
