सीधी:पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में जिले में खनिज माफियाओं के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में थाना सेमरिया पुलिस ने सोन नदी के तारिहा घाट (हनुमानगढ़) में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन की कोशिश को नाकाम करते हुए वाहन जब्त कर बड़ी कार्यवाही की है।
पुलिस के अनुसार थाना प्रभारी सेमरिया उपनिरीक्षक केदार परौहा को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मड़वा निवासी राजकुमार सिंह उर्फ भयंकर सिंह अपने टाटा 407 वाहन क्रमांक एमपी 17 जी 2159 में हनुमानगढ़ स्थित सोन नदी के तारिहा घाट से अवैध रेत का उत्खनन कर लोड कर रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस की आहट पाते ही आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से वाहन को नदी में ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जब वाहन की जांच की, तो उसमें आधी ट्राली अवैध रेत लोड पाई गई।पुलिस ने सुबह लगभग 5 बजे वाहन टाटा 407 और अवैध रेत को विधिवत जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 303(2), 317(5) बीएनएस , धारा 4.21 खान खनिज अधिनियम, धारा 27, 29, 39, 41 वन्य जीव (संरक्षण) अधिनियम ,धारा 2, 41, 51 भारतीय वन अधिनियम , धारा 51 (1-3-5) म.प्र. गौण खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी सेमरिया उपनिरीक्षक केदार परौहा, सउनि तुलसी दास रावत, प्रधान आरक्षक पंकज विश्वकर्मा, आरक्षक मनीष शुक्ला, विनीत सिंह, अमित तिवारी और रवि सिंह का विशेष योगदान रहा।
