बिहार में एक और पुल गिरा, तोड़फोड़ की आशंका

मोतिहारी 23 जून (वार्ता) बिहार में पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन प्रखंड में अमवां कुंडवा चांदपुर मार्ग पर शनिवार रात एक निर्माणाधीन पुल ढह गया।

बिहार में एक सप्ताह के अंदर अररिया और सीवान के बाद पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन प्रखंड में निर्माणाधीन पुल ढह गया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अमवां कुंडवा चांदपुर मार्ग पर बन रहा 18 मीटर लंबा पुल शनिवार रात अपने दो स्पैन में से एक की ढलाई के तुरंत बाद ढह गया। यह घटना एक स्पैन की ढलाई के कुछ ही घंटों बाद हुई, लेकिन मौके पर किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

ढाका में तैनात ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) के कार्यपालक अभियंता एस. एन. मंडल ने दावा किया कि कुछ असामाजिक तत्वों ने पुल के नए बने हिस्से के सेंट्रिंग को बिगाड़ दिया था, जिससे पुल ढह गया। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

इस बीच, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, जिसके कारण पुल ढह गया। उन्होंने यह भी बताया कि निर्माण कार्य तकनीकी मूल्यांकन में निर्धारित अनुमान और अलाइनमेंट के अनुसार नहीं किया जा रहा था। ग्रामीणों ने पुल ढहने की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

गौरतलब है कि बिहार के सीवान जिले में गंडक नदी नहर पर बना 45 साल पुराना पुल शनिवार को ढह गया था। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जल संसाधन विभाग द्वारा पुल के पिलर के पास मिट्टी काटने के कारण पुल ढह गया। इससे पहले अररिया जिले में बकरा नदी पर बना एक और पुल 18 जून को ढह गया था। ढहे सभी पुलों का निर्माण बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य विभाग ने किया था।

बिहार विधानसभा में विपक्ष एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी प्रसाद यादव ने पुल ढहने की घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि बिहार और केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सभी मोर्चों पर विफल रही है। बिहार में भ्रष्टाचार और अन्य अनियमितताओं के कारण पुल ढह रहे हैं जबकि देश भर में एक के बाद एक रेल दुर्घटनाएं हो रही हैं। यहां तक कि मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित नीट परीक्षा में पेपर लीक के खिलाफ छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि सुधार के कदम उठाने की बजाय भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता उन्हें और उनके पिता लालू प्रसाद यादव को गाली देने में लगे हुए हैं।

Next Post

सितंबर माह के अंत तक जीजी फ्लाईओवर का कार्य होगा पूर्ण

Sun Jun 23 , 2024
भोपाल, 23 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के निर्माणाधीन “जीजी फ्लाईओवर” का निर्माण कार्य आगामी सितंबर माह तक पूर्ण होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार स्थानीय गायत्री मंदिर क्षेत्र से गणेश मंदिर क्षेत्र के बीच 148 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे जीजी फ्लाईओवर का निरीक्षण […]

You May Like