भाजपा सरकार चुनाव के बाद सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ा देगीः अभिषेक बनर्जी

कोलकाता, 27 मार्च (वार्ता) अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव के बाद सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाएंगी।

श्री बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर के बिनपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “जिस दिन बंगाल में चुनाव खत्म होंगे, मोदी सरकार रसोई गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाकर 2,000 रुपये और पेट्रोल-डीजल की कीमत 200 रुपये कर देगी।”

तृणमूल नेता ने पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध का जिक्र करते हुए दावा किया कि वैश्विक ऊर्जा बाजारों में व्यवधान ने भारत को पहले ही प्रभावित किया है, जिससे रसोई गैस की कमी और कीमतों में वृद्धि हुई है। उन्होंने चेतावनी दी, “न केवल ईंधन बल्कि यह सरकार चुनाव के बाद सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ाएगी। वे हर बार यही करते हैं।”

पार्टी उम्मीदवार बीरबाहा हांसदा के लिए प्रचार करते हुए श्री बनर्जी ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर संविधान को बदलने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो आम लोग अपने अधिकार खो देंगे। यदि आप तृणमूल कांग्रेस के साथ बने रहते हैं, तो हम विकास सुनिश्चित करेंगे।” उन्होंने मतदाताओं से ‘धर्म के लिए नहीं, बल्कि काम के लिए मतदान करने’ का आग्रह किया।

श्री बनर्जी ने राज्य सरकार द्वारा लागू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला, जिनमें महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता पहल शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां राज्य सरकार ऐसी योजनाओं के माध्यम से लोगों की मदद कर रही है, वहीं केंद्र सरकार ईंधन और परिवहन लागत बढ़ाकर उन पर बोझ डाल रही है।

सुश्री हांसदा को ‘माटी की बेटी’ बताते हुए तृणमूल महासचिव ने भाजपा नेताओं पर कटाक्ष किया और कहा कि वे चुनाव के दौरान बार-बार बंगाल आते हैं लेकिन बाद में अनुपस्थित रहते हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रतिद्वंद्वी दावेदार हावड़ा का निवासी है, इसलिए मतदान करने से पहले दोनों उम्मीदवारों की तुलना अवश्य करें।

 

 

 

Next Post

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स: कर्नाटक 10 से अधिक स्वर्ण पदक जीत कर शीर्ष पर

Fri Mar 27 , 2026
रायपुर, 27 मार्च (वार्ता) कर्नाटक ने यहां के अंतरराष्ट्रीय स्विमिंग पूल में एक और शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में अपनी बढ़त और मजबूत कर ली, जबकि मेजबान छत्तीसगढ़ ने पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ दिन दर्ज करते हुए शुक्रवार को एक रजत […]

You May Like