
भोपाल। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर राजधानी में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, हवन, भंडारे और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। हमीदिया रोड स्थित मंदिर में माता रानी को छप्पन भोग अर्पित किए गए, जहां दिनभर भक्तों की भीड़ लगी रही। शाहजहानाबाद दुर्गा मंदिर में कन्या पूजन कर बालिकाओं को देवी स्वरूप मानकर पूजन किया गया तथा विशाल भंडारा आयोजित हुआ। पीजीवीटी कॉलेज सभागार में भजन संध्या ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। टीला जमालपुरा के केला देवी मंदिर में विधि-विधान से हवन किया गया। शिवाजी नगर दुर्गा मंदिर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। पूरे शहर में जयकारों की गूंज सुनाई दी।
