
जावरा। ग्राम गोठड़ा में श्री महिषासुर मर्दिनी गोठड़ा वाली माताजी की बहुप्रतीक्षित भविष्यवाणी आज दोपहर 2 बजे की जाएगी । भविष्यवाणी में वर्ष भर के राजनीतिक, कृषि संबंधित, फसलों के भाव एवं कौन सी फसल की पैदावार एवं मौसम की जानकारियां हजारों लोग सुनेंगे।
राजनीतिक दलों के नेताओं का भी जमवाड़ा लगेगा। यहां ग्राम गोठड़ा मंदिर के आचार्य पंडित कपिल पौराणिक ने बताया कि ग्राम गोठड़ा पंचायत समिति के तत्वाधान में 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि प्रारंभ हुई थी। घट स्थापना एवं ज्वारारोपण एवं संगीतमय आरती के आयोजन प्रतिदिन हुए। 21 मार्च से हिमाद्री स्नान पंचांग कर्म एवं देवी महायज्ञ प्रारंभ हुआ। जिसकी पूर्णाहुति हुई। हवन,यज्ञ में जजमानों ने आहुति दी। गुरुवार को भजन संध्या हुई। आज नदी तट स्थित कुंड में जवारे विसर्जन किए जाएंगे। मंदिर से चल समारोह निकलेगा इसके बाद माता जी के पंडा नागुलाल वर्ष भर में होने वाली भविष्यवाणी करेंगे। चैत्र सुदी नवरात्रि शुरू होने से पहले ही श्रद्धालु ग्राम गोठड़ा आने लगते हैं। गांव में मेला लगा है। घर घर मेहमानों ने दस्तक दी है।
