
सीधी । जिले के संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक नर तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। आज गश्ती दल को पश्चिम मुखदास वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक पी-1392 में तेंदुए का शव दिखाई दिया। घटना की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर क्षेत्र को सुरक्षित किया गया और आवश्यक जांच कार्रवाई शुरू की गई। वन विभाग और एनटीसीए के दिशा-निर्देशों के अनुसार घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया। तेंदुए के शव का पोस्टमार्टम तीन वन्यजीव चिकित्सकों की टीम द्वारा किया गया, जिसमें डॉ. कैलाश तिवारी, डॉ. अभय सेंगर और डॉ. प्रशांत सिंह शामिल रहे। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मौत आपसी संघर्ष के कारण होना प्रतीत हो रही है। मृत तेंदुए की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष बताई गई है। पोस्टमार्टम के बाद विसरा सुरक्षित कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वन विभाग द्वारा नियमानुसार अंतिम प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी पुष्टि हो सकेगी।
