आदिवासी महिला से गैंगरेप के 1 आरोपी का तोड़ा मकान

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन की कार्रवाई, दूसरे आरोपी का भी टूटेगा घर

 

उज्जैन। काम दिलाने का झांसा देकर आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप करने वाले एक आरोपी के मकान पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर चला। दूसरे आरोपी के मकान पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। मामले में गैंगरेप करने वाले दोनों आरोपियों को संरक्षण देने वाले युवकों को भी पुलिस ने आरोपी बनाते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

19 जून की रात डिंडोरी की रहने वाली आदिवासी महिला के साथ ताजपुर स्थित पॉवर ग्रिड के पास खेत में इमरान उर्फ इम्मा और रवि ने गैंगरेप किया था। महिला अर्द्धनग्न हालत में डेढ़ किलोमीटर तक भागी थी और ग्राम जम्बुरा स्थित खदान के गड्ढे में गिर गई थी। लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया था, जिसके बाद घटनाक्रम सामने आने पर पंवासा पुलिस ने रातभर दबिश देने के बाद ताजपुर के जंगल से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस की घेराबंदी में दोनों घायल हुए थे। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद पुलिस ने उनके मकानों को तोडऩे की कार्रवाई प्रशासन, ग्राम पंचायत और नगर निगम के साथ शुरू कर दी थी। शनिवार को प्रशासन और पुलिस का अमला ताजपुर पहुंचा। जहां इमरान उर्फ इम्मा के मकान पर बुलडोजर चलाया। मकान तोडऩे की कार्रवाई के बाद प्रशासन की टीम उस स्थान पर पहुंची, जहां महिला के साथ दरिंदगी की गई थी। खेत में बनी टापरी को भी जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई से पहले ताजपुर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। वहीं काफी लोगों की भीड़ भी जमा हो गई थी। दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई के दौरान 3 से 4 घंटे का समय लगा। पंवासा थाना एसएसओ रवीन्द्र कटारे ने बताया कि गैंगरेप में शामिल दूसरे आरोपी रवि का मकान नगर निगम की सीमा में आगररोड पर बना है। प्रशासन की ओर से उक्त मकान की जानकारी निगम से मांगी गई है। जिसके मिलते ही उसके मकान को भी तोडऩे की कार्रवाई की जाएगी।

 

कोर्ट ने आरोपियों को भेजा पुलिस रिमांड पर

आदिवासी महिला के साथ हैवानियत करने वाले दोनों आरोपियों को जिला अस्पताल से शनिवार दोपहर डॉक्टरों ने डिस्चार्ज कर दिया। पुलिस दोनों को कस्टडी में लेकर कोर्ट पहुंची। जहां से दोनों को कोर्ट ने एक दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है। पंवासा एसएचओ कटारे के अनुसार दोनों आरोपियों से घटनास्थल की तस्दक कराई जाएगी, वहीं महिला के वस्त्र जब्त करने के साथ दरिंदगी को अंजाम देने के बाद कैसे और कहां भागे थे, उसका रोड मेप तैयार किया जाएगा।

Next Post

मंत्री ने सीएम राइज स्कूल में रोबोटिक लैब एवं बस सेवा का किया शुभारंभ

Sat Jun 22 , 2024
नवभारत न्यूज रतलाम। दुनिया के टॉप 10 स्कूलों में शुमार रतलाम के सीएम राइज विनोबा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबेडकर नगर में जिले की पहली रोबोटिक लैब एवं स्कूल बस का शुभारंभ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होने कहा कि सीएम राइज स्कूल […]

You May Like