छतरपुर: नौगांव क्षेत्र के लुगासी गांव स्थित छत्रसाल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई, वहीं प्राचार्य संजीव तिवारी ने विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान संस्थापक दानदाता राव भोपाल सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण किया गया और अतिथियों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में कामाख्या प्रताप सिंह, मानवेंद्र सिंह और हरगोविंद सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीणों की सबसे बड़ी उम्मीद विद्यालय के शासकीयकरण को लेकर थी, जिसका इंतजार पिछले 22 वर्षों से किया जा रहा है। मंत्री ने इस पर कोई ठोस घोषणा न करते हुए केवल प्रक्रिया जारी होने और जल्द निर्णय का आश्वासन दिया, जिससे लोगों में मायूसी देखने को मिली।
वर्ष 1973 में स्थापित यह विद्यालय कभी 40 से अधिक गांवों और उत्तर प्रदेश के छात्रों के लिए प्रमुख शिक्षा केंद्र रहा है। वर्तमान में यह अर्ध-शासकीय व्यवस्था में संचालित हो रहा है, जहां केवल प्राचार्य को सरकारी वेतन मिलता है। ग्रामीणों का कहना है कि शासकीयकरण से शिक्षकों की कमी दूर होगी और शिक्षा स्तर में सुधार आएगा, लेकिन एक बार फिर केवल आश्वासन मिलने से उनकी उम्मीदें अधूरी रह गईं।
